Summer express, भिवानी। गांव लेघा भानान में छह वर्षीय बच्चे के साथ उसकी बुआ की ओर से बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। बच्चे की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे बुआ के घर से सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे के माता-पिता की करीब तीन साल पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अपनी बुआ के पास रह रहा था। बुआ गांव में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करती है और विधवा बताई जा रही है। आरोप है कि महिला ने 100 रुपये चोरी होने के शक में अपने छह वर्षीय भतीजे की डंडों से बुरी तरह पिटाई की। मारपीट के दौरान बच्चा लगातार चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन महिला उसे पीटती रही।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया और इसे गो रक्षा दल के सदस्यों तक पहुंचाया। वीडियो सामने आने के बाद गो रक्षा दल के ग्रामीण अध्यक्ष बिजेंद्र रक्षक सहित दुर्गा शक्ति ग्रुप और भगत सिंह ग्रुप के सदस्य सक्रिय हुए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी और बच्चे को वहां से सुरक्षित निकालने में मदद की।
पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए बच्चे को रेस्क्यू कर लिया है। बताया जा रहा है कि बच्चा मूल रूप से हांसी का रहने वाला है। माता-पिता की मृत्यु के बाद उसे करीब तीन साल पहले बुआ के पास रहने के लिए लाया गया था। पड़ोसियों का कहना है कि महिला पहले भी बच्चे के साथ मारपीट करती थी। फिलहाल पुलिस ने बुआ के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।