Summer express/मंडी, धर्मवीर-। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं और महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। निगम की सुंदरनगर शाखा की ओर से बीमा सखी और रूरल करियर एजेंट के कुल 100 पदों को भरने के लिए जिला मंडी में साक्षात्कार आयोजित किए जा रहे हैं। यह साक्षात्कार 25 नवंबर से शुरू होकर 27 नवंबर तक चलेंगे। इसके तहत बीमा सखी के 50 और रूरल करियर एजेंट के 50 पदों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को निर्धारित स्टाइपेंड के साथ पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन भी दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि बीमा सखी के पदों के लिए केवल महिलाएं ही आवेदन करने की पात्र होंगी। इन पदों के लिए आयु सीमा 18 से 65 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं, रूरल करियर एजेंट के पदों के लिए 18 से 40 वर्ष तक के महिला और पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास रखी गई है।
उन्होंने बताया कि चयनित बीमा सखियों को निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति करने पर पहले वर्ष 7,000 रुपये प्रतिमाह, दूसरे वर्ष 6,000 रुपये प्रतिमाह और तीसरे वर्ष 5,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पॉलिसियों की बिक्री पर नियमानुसार कमीशन भी मिलेगा। इसी तरह रूरल करियर एजेंट को पहले वर्ष 5,000 रुपये और दूसरे वर्ष 4,000 रुपये प्रतिमाह तक स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा। इसके साथ पॉलिसियों की बिक्री पर निर्धारित नियमों के अनुसार कमीशन भी मिलेगा।साक्षात्कार के लिए अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और रोजगार पंजीकरण प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।साक्षात्कार का कार्यक्रम भी निर्धारित कर दिया गया है। 25 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय थुनाग, 26 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय गोहर और 27 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर में साक्षात्कार होंगे। सभी स्थानों पर प्रक्रिया सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी।जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथियों पर आवश्यक दस्तावेजों सहित पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। भर्ती संबंधी अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 या संबंधित नियोक्ता के मोबाइल नंबर 9418158571 पर संपर्क किया जा सकता है।