Summer express, रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में टोल कटने से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भाजपा नेत्री शारदा यादव की टिगोर कार घर पर खड़ी थी, लेकिन उनके मोबाइल पर दादरी और छुच्छकवास के बीच स्थित मोरवाला टोल प्लाजा से टोल कटने का संदेश पहुंच गया। जब उन्होंने टोल प्रबंधन से इसकी जानकारी मांगी और सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि टोल प्लाजा से उनकी टिगोर के बजाय एक बलेनो कार गुजर रही थी। इसके बाद उन्होंने टोल प्रबंधन के समक्ष शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।
शारदा यादव के अनुसार, उनकी टिगोर कार घर पर खड़ी थी। इसी दौरान उनके मोबाइल पर मोरवाला टोल प्लाजा से टोल कटने का मैसेज आया। अपनी गाड़ी घर पर होने के कारण वह हैरान रह गईं। उन्होंने तुरंत टोल प्रबंधन से संपर्क किया और संबंधित समय की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा।
टोल प्रबंधन की ओर से दिखाई गई फुटेज में एक बलेनो कार टोल प्लाजा से गुजरती नजर आई। हैरानी की बात यह थी कि टोल कटने का संदेश शारदा यादव की टिगोर कार के नंबर पर आया था। फुटेज में दूसरी गाड़ी दिखाई देने के बाद उन्होंने टोल प्रबंधन से इस गड़बड़ी का जवाब मांगा।
भाजपा नेत्री ने मामले को गंभीर बताते हुए आशंका जताई कि इसके पीछे बड़ी गड़बड़ी या घोटाला हो सकता है। उनका कहना है कि जब उनकी कार टोल प्लाजा से गुजरी ही नहीं तो उनके वाहन के नंबर पर टोल कैसे कट गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद उन्हें टोल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
मामले में आशंका जताई जा रही है कि बलेनो कार की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है। संभव है कि किसी वाहन की नंबर प्लेट के अक्षरों या अंकों में बदलाव कर उसे शारदा यादव की टिगोर के नंबर जैसा बनाया गया हो। वहीं, टोल सिस्टम में तकनीकी गड़बड़ी के कारण भी गलत वाहन के नंबर पर भुगतान दर्ज होने की संभावना है। हालांकि, वास्तविक वजह क्या है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।