Summer express, गुरुग्राम। हरियाणा और विशेष रूप से गुरुग्राम में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण तथा प्रदूषण नियंत्रण कार्ययोजना के क्रियान्वयन में पिछड़ने को लेकर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने सख्ती दिखाई है। बृहस्पतिवार को आयोग के अध्यक्ष राजेश वर्मा ने गुरुग्राम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने गुरुग्राम और मानेसर में शीतकालीन कार्ययोजना को तेजी से लागू करने और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में ठोस सुधार लाने के निर्देश दिए। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इसके तहत कचरा संवेदनशील स्थानों पर एआई कैमरे लगाए जाएंगे, जबकि ड्रोन और पीएम 2.5 सेंसर के माध्यम से वायु गुणवत्ता पर नजर रखी जाएगी।
बैठक में गुरुग्राम, मानेसर, गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) और झज्जर के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों को अगले दो महीनों के दौरान शीतकालीन कार्ययोजना के सभी जरूरी उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए कहा गया। जन शिकायतों और इंटरनेट मीडिया पर मिली सूचनाओं के आधार पर गुरुग्राम में प्रदूषण के 40 हॉटस्पॉट चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और प्रदूषण के स्रोतों की पहचान कर उन्हें नियंत्रित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे।
कचरा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी के लिए अब तक 20 एआई आधारित कैमरे लगाए जा चुके हैं। इसके अलावा 150 और कैमरे लगाने की योजना है। इन कैमरों की मदद से खुले में कचरा जलाने और प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। वहीं, ड्रोन और मोबाइल पीएम 2.5 सेंसर से जुटाए जाने वाले आंकड़ों को आयोग की 13सी पवन प्रणाली से जोड़ा जाएगा। इससे अलग-अलग क्षेत्रों में प्रदूषण के स्तर और उसकी वजह बनने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी।
सर्दियों के दौरान सूखी पत्तियां, प्लास्टिक, घरेलू कचरा और अन्य जैविक अवशेष जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। खुले में कचरा जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने को कहा गया है। इसके साथ ही बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरों में समय रहते पर्याप्त हीटर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि लोग सड़कों पर अलाव जलाने के लिए मजबूर न हों।
बैठक में सड़क की धूल को भी वायु प्रदूषण का प्रमुख कारण मानते हुए नियमित सफाई और मशीनों से सड़कों की सफाई कराने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को सड़क सुधार कार्यों में तेजी लाने, चौड़ीकरण की जरूरत वाले मार्गों पर काम करने और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। निर्माण एवं तोड़फोड़ गतिविधियों से उठने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) के नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया। इसके अलावा यातायात जाम वाले स्थानों की पहचान कर वहां वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के निर्देश भी दिए गए।
सीएक्यूएम अध्यक्ष ने कहा कि वायु प्रदूषण से निपटने के लिए केवल सरकारी विभागों की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। इसके लिए रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), बाजार संगठनों और शिक्षण संस्थानों को जागरूकता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों के सहयोग से कचरा जलाने, सड़कों पर धूल फैलने और प्रदूषण बढ़ाने वाली अन्य गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने की दिशा में काम करने को कहा।