Summer express/हमीरपुर, अरविंद। शहर के लोगों को जल्द ही हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में हिमाचली पारंपरिक व्यंजनों के साथ देशी और विदेशी फास्ट फूड का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। वन विभाग की ओर से पार्क में आधुनिक स्ट्रीट फूड हब विकसित किया जा रहा है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाली इस परियोजना के पहले चरण में छह आकर्षक कियोस्क स्थापित किए जाएंगे। परियोजना को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और तीन कियोस्क मौके पर पहुंच चुके हैं। आगामी दो माह के भीतर इसे जनता को समर्पित करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्ट्रीट फूड हब में हिमाचली धाम, मक्की की रोटी, सरसों का साग, सिड्डू और परांठे जैसे पारंपरिक व्यंजनों के अलावा डोसा, इडली, समोसा, टिक्की, कॉन्टिनेंटल फूड और विभिन्न फास्ट फूड आइटम भी उपलब्ध होंगे। इससे शहरवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को एक ही स्थान पर अलग-अलग तरह के व्यंजनों का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा।खास बात यह है कि फूड हब में आने वाले परिवारों के बच्चों के मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा गया है। पार्क में किड्स प्ले जोन की रिनोवेशन का काम पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा लंबे समय से खराब पड़े फव्वारे को भी दुरुस्त करवा दिया गया है। वन विभाग पार्क के मुख्य प्रवेश द्वार को भी आकर्षक फॉरेस्ट थीम पर विकसित करने की तैयारी में है।
डीएफओ अंकित कुमार सिंह ने बताया कि स्ट्रीट फूड पार्क के लिए कियोस्क मॉडल की दुकानें स्थापित की जा रही हैं। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। विभाग का लक्ष्य आगामी दो माह में इस सुविधा को जनता को समर्पित करना है। उन्होंने बताया कि सभी कियोस्क स्थानीय लोगों को आवंटित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि फूड हब में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निर्धारित मानकों के अनुरूप आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री के हमीरपुर दौरे के दौरान इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था। उस समय इसे दो माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए थे। स्ट्रीट फूड हब शुरू होने से न केवल चिल्ड्रन पार्क की रौनक बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलने के साथ हमीरपुर शहर को एक नया आकर्षण भी मिलेगा।