Summer express/हमीरपुर, अरविंद। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में घरेलू हिंसा की एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जंगल रोपा पंचायत के तहत एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना वीरवार देर रात की है। आरोपी दिनेश कुमार और उसकी पत्नी प्रेमलता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार अक्सर छोटी-छोटी बातों पर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। वीरवार रात भी उसने प्रेमलता की इतनी बेरहमी से पिटाई की कि गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही हमीरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति दिनेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य व नमूने जुटाए।शुक्रवार को पुलिस ने मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस अधीक्षक बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी दिनेश कुमार ने अपनी पत्नी प्रेमलता के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही चल पाएगा।