Summer express/ऊना, राकेश। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यू हरोली में निर्माणाधीन सिंथेटिक ट्रैक और हेलीपोर्ट का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। सिंथेटिक ट्रैक को 30 अप्रैल से पहले तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से हरोली क्षेत्र को खेल, सामाजिक गतिविधियों और आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।उप मुख्यमंत्री ने आज न्यू हरोली में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माणाधीन स्थलों का दौरा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो।
मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि न्यू हरोली में बन रहे सिंथेटिक ट्रैक का करीब 40 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। दिसंबर तक इसे 60 प्रतिशत तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस चरण में ट्रैक से संबंधित आवश्यक संरचनात्मक कार्य पूरे किए जाएंगे। मौसम अनुकूल रहने पर गर्मियों में सिंथेटिक सतह बिछाने का काम शुरू होगा और 30 अप्रैल से पहले इसे पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।उन्होंने बताया कि परिसर में निर्माणाधीन हेलीपोर्ट का कार्य भी अप्रैल माह तक पूरा करने की योजना है। न्यू हरोली को एक आधुनिक विकास केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां खेल और जनसुविधाओं से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी। इनमें इनडोर स्टेडियम, मेला ग्राउंड, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन, सैनिक भवन, उद्योग भवन और जल शक्ति विभाग का अधीक्षण अभियंता कार्यालय शामिल हैं।
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परिसर में जल निकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए पहले से उचित प्रबंध किए जाने चाहिए। इसके अतिरिक्त सभी परियोजनाओं को बेहतर तरीके से जोड़ने और आवागमन को सुगम बनाने के लिए रिंग रोड का निर्माण भी प्रस्तावित है।उन्होंने बताया कि रामपुर पुल से हरोली की ओर एक बड़े गोल चक्कर का निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में सहायता मिलेगी। वहीं, रामपुर पुल से हरोली जल शक्ति भवन तक विकसित किया जा रहा विकास पथ भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ने के साथ विभिन्न परियोजनाओं तक पहुंच और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि न्यू हरोली की सभी परियोजनाओं को एकीकृत योजना के तहत विकसित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही स्थान पर खेल, सामाजिक, प्रशासनिक और अन्य आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से हरोली के विकास को नई दिशा और गति मिलेगी तथा यह क्षेत्र एक आधुनिक एवं सुविधासंपन्न विकास केंद्र के रूप में स्थापित होगा।निरीक्षण के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री सहित जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।