Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। कलायत अनाज मंडी में विर्क प्लेस के सामने तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों ने गंभीर चोटों के चलते दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान कलायत निवासी 40 वर्षीय अरविंद, उसके 10 वर्षीय बेटे अनुग्रह उर्फ हनी और गांव कोलेखा निवासी 35 वर्षीय भुट्टो के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार होकर कलायत की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक ने मौके से भागने का प्रयास किया और इस दौरान तीनों दोबारा गाड़ी की चपेट में आ गए। इसके बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद तीनों को कलायत के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अरविंद अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गया है। घटना के समय उसका एक बेटा अपनी मां के साथ गया हुआ था। वहीं, भुट्टो ट्रैक्टर चालक था। उसके भाई मेजर के अनुसार, भुट्टो के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं। हादसे के बाद परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए कैथल नागरिक अस्पताल भेज दिए गए हैं। जांच अधिकारी एएसआई जसवीर सिंह ने बताया कि रात करीब नौ बजे पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि तीनों घायलों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर स्कॉर्पियो और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।