Summer express, मंडी। डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर साइबर ठगों ने बिलासपुर के एक कारोबारी से करीब 28 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को जांच एजेंसी से जुड़ा बताकर पीड़ित को कई दिनों तक मानसिक दबाव में रखा और सुप्रीम कोर्ट व प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के फर्जी समन भेजकर डराया। हालांकि, साइबर क्राइम थाना मध्य जोन मंडी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से ठगी की रकम में से 27 लाख 56 हजार 961 रुपये कारोबारी को वापस दिलवा दिए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला सितंबर 2026 का है। बिलासपुर निवासी कारोबारी ने शिकायत में बताया कि 12 सितंबर को उसके पास एक फोन कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम पर सिम कार्ड जारी करवाया है और इसका इस्तेमाल बैंक खाता खोलने के लिए किया गया है। ठगों ने उसे बताया कि इस बैंक खाते के माध्यम से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी हुई है और इस मामले में नरेश गोयल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़ित ने जब बैंक खाता खुलवाने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसे सुप्रीम कोर्ट और ईडी के फर्जी समन भेजकर कार्रवाई का डर दिखाया। इसके बाद उसे डिजिटल अरेस्ट किए जाने की बात कहकर कई दिनों तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने उसे सुरक्षित रखने और जांच में सहयोग करने का झांसा देकर अलग-अलग माध्यमों से करीब 28 लाख रुपये जमा करवा लिए। बाद में पीड़ित को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला और उसने 5 अक्तूबर को साइबर क्राइम थाना मध्य जोन मंडी में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने के बाद साइबर क्राइम पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और ठगी की रकम जिन बैंक खातों में ट्रांसफर की गई थी, उन्हें फ्रीज करवाया। पुलिस ने न्यायालय से आवश्यक आदेश प्राप्त कर पीड़ित को 27 लाख 56 हजार 961 रुपये वापस दिलवाए। साइबर पुलिस की इस कार्रवाई से ठगी का शिकार हुए कारोबारी को बड़ी राहत मिली है।
एएसपी साइबर क्राइम पुलिस मंडी बीर बहादुर सिंह ने आम जनता से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी व्यवस्था नहीं है। कोई भी सरकारी विभाग या जांच एजेंसी फोन अथवा वीडियो कॉल के माध्यम से किसी व्यक्ति को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती और न ही जांच के नाम पर पैसे जमा करवाती है। उन्होंने लोगों को ऐसे फर्जी कॉल, संदेशों और ई-मेल से सतर्क रहने की सलाह दी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित बैंक और साइबर क्राइम पुलिस को दें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।