Summer express, राकेश कुमार शर्मा, करनाल। विदेशी नस्लों की गायों और अधिक दूध उत्पादन की होड़ के बीच करनाल के तरावड़ी निवासी प्रगतिशील पशुपालक राम सिंह ने देसी नस्लों के दम पर कामयाबी की नई मिसाल पेश की है। उनके डेयरी फार्म में करीब 500 देसी गायें हैं, जिनमें थारपारकर और साहीवाल नस्ल प्रमुख हैं। देसी पशुपालन, बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद और कम लागत के मॉडल के जरिए उन्होंने करोड़ों रुपये का कारोबार खड़ा किया है। उनके फार्म में तैयार पारंपरिक बिलोना विधि के देसी घी की कीमत करीब 2500 रुपये प्रति किलो है। राम सिंह की उपलब्धियों और अनुभव की चर्चा अब देशभर में हो रही है।
राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (एनडीआरआई) में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय डेयरी मेले में भी राम सिंह किसानों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। उन्होंने विदेशी नस्लों पर निर्भर रहने के बजाय भारतीय देसी गायों को अपनी ताकत बनाया है। उनका मानना है कि पशुपालन में सफलता केवल अधिक दूध उत्पादन से नहीं मिलती, बल्कि पशुओं की अच्छी नस्ल, स्वास्थ्य, दूध की गुणवत्ता और कम लागत पर भी ध्यान देना जरूरी है।
तरावड़ी स्थित किसान डेयरी फार्म में राम सिंह के पास करीब 500 देसी गायें हैं। इनमें लगभग 50 गायें थारपारकर नस्ल की हैं, जबकि शेष साहीवाल नस्ल की हैं। इन नस्लों की खासियत यह है कि ये गर्म जलवायु में भी आसानी से खुद को ढाल लेती हैं। करीब 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी इन गायों की सेहत और उत्पादन क्षमता पर ज्यादा असर नहीं पड़ता। राम सिंह के अनुसार, सामान्य चारा-भूसा और चना-जौ जैसे पारंपरिक अनाज के संतुलित आहार पर उनकी गायें प्रतिदिन करीब 15 किलो तक दूध देती हैं। उनका कहना है कि देसी नस्लों की रोग प्रतिरोधक क्षमता, अनुकूलन क्षमता और दूध की गुणवत्ता पशुपालन को लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
राम सिंह के डेयरी कारोबार की एक बड़ी विशेषता पारंपरिक बिलोना विधि से तैयार किया जाने वाला देसी घी है। थारपारकर और साहीवाल गायों के दूध से तैयार इस घी की बाजार में कीमत करीब 2500 रुपये प्रति किलो है। राम सिंह के अनुसार, दूध जल्दी खराब होने वाला उत्पाद है, जबकि पारंपरिक तरीके से घी तैयार करने पर उसे लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे दूध का बेहतर मूल्य मिलता है और किसानों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलता है। उनका जोर केवल उत्पादन बढ़ाने के बजाय शुद्धता, गुणवत्ता और उत्पादों का बेहतर मूल्य हासिल करने पर है।
पशुपालन के क्षेत्र में राम सिंह की उपलब्धियों की लंबी सूची है। उन्हें लगातार सात बार प्रतिष्ठित गोपाल रत्न अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) की ओर से उन्हें प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस की मानद उपाधि भी प्रदान की गई है। उन्होंने एनडीआरआई में भी ज्वाइनिंग की है। राष्ट्रीय डेयरी मेले में इस बार उनका उद्देश्य पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि अपने अनुभव के माध्यम से किसानों और युवाओं को देसी नस्लों के महत्व और पशुपालन की व्यावसायिक संभावनाओं से परिचित कराना है।
राम सिंह की पहल का एक खास पहलू युवाओं को प्रशिक्षण देने की उनकी इच्छा भी है। उन्होंने कहा कि जो युवा या किसान पशुपालन को व्यवसाय के रूप में अपनाना चाहते हैं, वे उनके फार्म पर आकर 15 दिन तक रहकर काम सीख सकते हैं। इस दौरान उनके रहने और खाने-पीने की कोई फीस नहीं ली जाएगी। उनका मानना है कि पशुपालन शुरू करने से पहले नस्लों की सही जानकारी, पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार और दूध से बनने वाले उत्पादों की गुणवत्ता पर ध्यान देना जरूरी है। पारंपरिक अनुभव के साथ वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर इस व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाया जा सकता है।
राम सिंह की सफलता यह दर्शाती है कि गांव में रहकर भी स्वरोजगार के माध्यम से बड़े स्तर पर कारोबार खड़ा किया जा सकता है। उनका कहना है कि किसानों को अपनी मिट्टी और स्थानीय संसाधनों की ताकत पहचाननी चाहिए। देसी नस्लों का संरक्षण, शुद्ध दुग्ध उत्पादों का निर्माण और गुणवत्ता आधारित कारोबार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर सकते हैं। करनाल के तरावड़ी से शुरू हुआ उनका यह प्रयास उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है, जो रोजगार के लिए शहरों की ओर जाने के बजाय गांव में ही अपना व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं।