Summer express/शिमला, संजू। गुजरात के राज्यपाल एवं हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती के जनक आचार्य देवव्रत ने प्राकृतिक खेती को समय की जरूरत बताते हुए देश के किसानों से इसे अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्राकृतिक खेती की अहम भूमिका रहेगी। इससे न केवल किसानों की लागत कम होगी, बल्कि उत्पादन में भी कमी नहीं आएगी। साथ ही रासायनिक खादों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभावों को कम करने में भी मदद मिलेगी।
शिमला दौरे पर पहुंचे आचार्य देवव्रत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रासायनिक खादों और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल से जमीन की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है। इसका सीधा असर पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। उन्होंने चिंता जताई कि खाद्यान्न, फल और सब्जियों में रासायनिक तत्वों की मौजूदगी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है। पिछले तीन से चार दशकों में कैंसर, हार्ट अटैक और किडनी फेल जैसी गंभीर बीमारियों के बढ़ते मामलों पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।आचार्य देवव्रत ने बताया कि हिमाचल प्रदेश से शुरू हुआ प्राकृतिक खेती का अभियान आज देशभर में पहुंच चुका है। इस मुहिम को शुरू करने के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आर्थिक सहयोग दिया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार भी इस अभियान को आगे बढ़ा रही है। प्राकृतिक खेती किसी राजनीतिक विचारधारा से जुड़ा विषय नहीं, बल्कि मानवता और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य का मिशन है।उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती पांच प्रमुख सिद्धांतों पर आधारित है। इनमें बीजामृत से बीज उपचार, जीवामृत और घनजीवामृत का उपयोग, मल्चिंग, अच्छादन और मिश्रित फसल यानी मल्टीक्रॉपिंग शामिल हैं।
राज्यपाल ने जैविक और प्राकृतिक खेती के बीच अंतर स्पष्ट करते हुए कहा कि जैविक खेती में किसानों को बाजार से कई तरह के इनपुट खरीदने पड़ते हैं, जबकि प्राकृतिक खेती में गाय के गोबर, गोमूत्र, गुड़, बेसन और खेत की मिट्टी से ही जीवामृत तैयार किया जा सकता है। उन्होंने अपने खेत का उदाहरण देते हुए बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने से मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन का स्तर 0.234 से बढ़कर 1.7 तक पहुंच गया है। फसलों को कीटों से बचाने के लिए अग्निअस्त्र और ब्रह्मास्त्र जैसे पारंपरिक घोल भी प्रभावी हैं।उन्होंने बताया कि गुजरात में प्राकृतिक उत्पादों की बिक्री के लिए करीब 1500 केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे किसानों को उनके उत्पादों का उचित मूल्य मिल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राष्ट्रीय प्राकृतिक कृषि मिशन के माध्यम से इस अभियान को आगे बढ़ाया है।आचार्य देवव्रत ने किसानों से आह्वान किया कि वे अपनी जमीन के कम से कम एक हिस्से में परिवार के उपयोग के लिए प्राकृतिक खेती शुरू करें और सकारात्मक परिणाम मिलने पर इसका दायरा बढ़ाएं।