एजेंसी | नई दिल्ली
देश में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच टकराव तेज हो गया है। संसद के विशेष सत्र से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर शनिवार को विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई। इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक में विपक्ष ने प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया को लेकर तीन प्रमुख मांगें रखीं।
इनमें लोकसभा की मौजूदा सदस्य संख्या बरकरार रखना, वर्तमान सीटों के आधार पर महिलाओं को आरक्षण देना और अगले 25 वर्षों तक राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखना शामिल है। कांग्रेस का कहना है कि महिला आरक्षण लागू करने के लिए लोकसभा की सदस्य संख्या बढ़ाना जरूरी नहीं है।
इसे मौजूदा 543 सीटों के भीतर ही लागू किया जा सकता है। विपक्षी दलों ने सरकार से विधेयकों पर व्यापक चर्चा और सभी पक्षों की सहमति बनाने की मांग भी की है। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 27 नवंबर को परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संशोधित विधेयकों को मंजूरी दी है।
डीएमके ने किया फैसले का समर्थन
इस मुद्दे पर दक्षिण की राजनीति भी गरमा गई है। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद डीएमके ने संशोधित परिसीमन विधेयक का समर्थन करने का फैसला किया है। पार्टी सांसद ए. राजा ने कहा कि तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा हिस्सेदारी 7.18 प्रतिशत है और नए प्रस्ताव में इसके कम होने की आशंका नहीं है। पार्टी का दावा है कि राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात अगले 25 वर्षों तक सुरक्षित रहेगा। हालांकि, राजा ने परिसीमन आयोग के कामकाज और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने की प्रक्रिया को लेकर आशंकाएं भी जताई हैं। डीएमके के फैसले से विपक्षी एकजुटता के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है।
{पंजाब में भी बढ़ेंगी सीटें: प्रस्तावित फार्मूले का पंजाब पर भी सीधा असर पड़ेगा। राज्य में लोकसभा की मौजूदा 13 सीटें बढ़कर लगभग 20 और विधानसभा की 117 सीटें बढ़कर 176 होने का अनुमान है। महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण लागू होने पर विधानसभा में करीब 59 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
{परिसीमन बिल लोकतंत्र खत्म कर देगा: राहुल गांधी: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा बदलकर राजनीतिक फायदा लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित 850 लोकसभा सीटों का विचार भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगा। राहुल ने दावा किया कि युवा पीढ़ी, खासकर जेन-जी, वोट चोरी के मुद्दे पर उनके साथ है। राहुल ने सवाल उठाया कि जब महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही पारित हो चुका है, तो लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्यों है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण मौजूदा सीटों पर भी लागू किया जा सकता है।
{30 नवंबर से संसद में चर्चा: लोकसभा का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होगा, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर से प्रस्तावित है। सरकार को संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए दोनों सदनों में विशेष बहुमत की आवश्यकता होगी। डीएमके के समर्थन के बावजूद सरकार के सामने आवश्यक संख्याबल जुटाने की चुनौती बनी हुई है।