Summer express/मंडी, धर्मवीर: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा देने के खिलाफ दायर याचिकाओं को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इस फैसले को हाटी समुदाय के छह दशक लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताते हुए समस्त समुदाय को बधाई दी।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हाटी समुदाय ने अपने संवैधानिक अधिकारों के लिए लंबे समय तक धैर्य, अनुशासन और शांतिपूर्ण तरीके से संघर्ष किया। संसद से कानून पारित होने के बावजूद समुदाय को अपने अधिकारों के लिए करीब दो वर्ष तक इंतजार करना पड़ा। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक संघर्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने इस मांग को प्राथमिकता से आगे बढ़ाया। सितंबर 2021 में प्रदेश सरकार ने लोकुर समिति के मानदंडों के आधार पर एथ्नोग्राफिक प्रस्ताव रिपोर्ट केंद्र को भेजी। अप्रैल 2022 में रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की सहमति के बाद सितंबर 2022 में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। दिसंबर 2022 में लोकसभा और जुलाई 2023 में राज्यसभा से विधेयक पारित हुआ। 4 अगस्त 2023 को राष्ट्रपति की स्वीकृति मिलने के बाद यह कानून बना।नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि कानून बनने के बाद प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने इसके कार्यान्वयन में अड़चनें पैदा कीं। उन्होंने कहा कि 31 न्यायिक पेशियों के बाद आया उच्च न्यायालय का फैसला हाटी समुदाय के लिए बड़ी राहत है। इस संघर्ष में योगदान देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि समुदाय को उसका अधिकार मिलना उनके लिए भी संतोष का विषय है।
मुराह स्कूल के वार्षिकोत्सव में जयराम ठाकुर ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुराह के वार्षिकोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। जयराम ठाकुर ने बच्चों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।उन्होंने कहा कि विद्यालयों के वार्षिकोत्सव विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और व्यक्तित्व विकास का अवसर देते हैं। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उन्हें अपने बचपन और स्कूल के दिनों की यादें ताजा हो गईं।उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सपनों और आकांक्षाओं को समझना तथा उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना बेहद सुखद अनुभव है। आज के विद्यार्थी ही आने वाले समय में प्रदेश और देश का भविष्य तय करेंगे। इसलिए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अच्छे संस्कार और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।जयराम ठाकुर ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों को भी बधाई दी।