Summer express/पलवल, सुंदर कुंडू -: पलवल में भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त जिला अध्यक्ष लता भारद्वाज ने महिला आरक्षण बिल को महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।रविवार को पलवल के विश्राम गृह में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि संसद और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से राजनीति में उनकी भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें नेतृत्व करने के अधिक अवसर मिलेंगे।
लता भारद्वाज ने जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता और खेल एवं कानून मंत्री गौरव गौतम का आभार जताया।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े नए विधायी प्रस्ताव ला रही है। इस पहल से महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह विधेयक संसद में पारित होगा।लता भारद्वाज ने कहा कि महिला आरक्षण लागू होने से महिलाओं को राजनीति में आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे। महिलाओं में नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है और वे देश व समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।उन्होंने कहा कि लंबे समय से महिलाओं की राजनीति में भागीदारी बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही थी।आरक्षण से महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भी अधिक प्रतिनिधित्व मिलेगा।भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी देशहित और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देकर काम कर रही है।पिछली सरकारों के कार्यकाल में विकास की गति अपेक्षाकृत धीमी रही, जबकि भाजपा सरकार ने देश और प्रदेश में चहुंमुखी विकास को आगे बढ़ाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर योजनाएं चला रही है।