Mandi-मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने सोशल मीडिया पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए संबंधित फेसबुक पत्रकार के खिलाफ 20 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा दायर करने और एफआईआर दर्ज करवाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल उनकी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का नहीं, बल्कि पत्रकारिता की गरिमा और तथ्यों की निष्पक्षता से भी जुड़ा है।
विधायक अनिल शर्मा ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि हाल ही में मंडी-कोटली सड़क निर्माण में देरी को लेकर एक फेसबुक पत्रकार ने लाइव रिपोर्टिंग के दौरान उन पर एक करोड़ रुपये रिश्वत लेने का आरोप लगाया। शर्मा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन करार देते हुए कहा कि उनके पास ऐसे किसी भी लेन-देन का कोई प्रमाण नहीं है।
“पत्रकारिता के नाम पर व्यक्तिगत छवि खराब करना अस्वीकार्य है,” अनिल शर्मा ने कहा। उन्होंने मांग की कि पुलिस इस मामले की निष्पक्ष जांच करे और सरकार इस तरह की अवैध और तथ्यविहीन रिपोर्टिंग पर सख्त कार्रवाई करे।विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि वह स्वयं मंडी-कोटली सड़क निर्माण में हो रही देरी से दुखी हैं और यदि लोग इसके लिए सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं, तो वे उसका समर्थन करते हैं।