भोपाल। गुना जिले के राघौगढ़ तहसील स्थित धरनावदा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, एक गाय को बचाने के प्रयास में पांच ग्रामीणों की कुएं में दम घुटने से मौत हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा, “मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दे।”
प्रभारी मंत्री को दिए गए मौके पर पहुंचने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की है कि मृतकों के परिजनों को राज्य सरकार की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
यह हादसा तब हुआ जब गांव के कुछ लोग एक कुएं में गिरी गाय को बचाने के लिए उतरे थे, लेकिन जहरीली गैस के कारण दम घुटने से उनकी मौत हो गई।