लंदन। दुनिया के सबसे महंगे शहरों में शुमार लंदन में एक आलीशान और ऐतिहासिक होटल की शुरुआती बोली महज 1 पाउंड (करीब ₹117) में लगाई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह वही “रॉयल होटल” है, जो कभी ब्रिटिश महारानी विक्टोरिया और लेखक चार्ल्स डिकेन्स जैसी हस्तियों की मेज़बानी कर चुका है। 147 साल पुराने इस होटल को “नो रिजर्व प्राइस” के साथ नीलाम किया जा रहा है।
कभी शान, अब बोली में केटरिंग क्षेत्र में स्थित यह ऐतिहासिक होटल अपने शानदार वास्तुशिल्प, ग्लास डोम बिलियर्ड हॉल, पुराने बार और विशाल इवेंट स्पेस के लिए प्रसिद्ध रहा है। एक दौर में यह इलाके की पहचान हुआ करता था, लेकिन अब इसकी हालत जर्जर है और पुनर्निर्माण अधूरा।
करोड़ों का निवेश, फिर भी अधूरा प्रोजेक्ट
इस होटल को 2020 में ईरानी मूल के प्रॉपर्टी डेवलपर नाइम पेमैन ने करीब ₹26 करोड़ (2.5 मिलियन पाउंड) में खरीदा था। इसके बाद उन्होंने मरम्मत और रिनोवेशन में ₹12 करोड़ से ज्यादा खर्च किए। लेकिन बावजूद इसके, होटल आज भी संचालन के लिए तैयार नहीं हो पाया है।
अब पेमैन के पास इस बहुचर्चित प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए जरूरी फंड नहीं हैं, इसलिए उन्होंने इसे बिना किसी न्यूनतम मूल्य तय किए नीलामी में उतारने का फैसला लिया है। इसकी शुरुआती बोली 1 पाउंड यानी ₹117 रखी गई है।
सिर्फ कीमत कम नहीं, खर्चा बड़ा
हालांकि, यह डील सुनने में आकर्षक लग सकती है, लेकिन इसमें एक बड़ा “कैच” है। होटल को पूरी तरह ऑपरेशनल बनाने के लिए अभी भी कम से कम ₹11 करोड़ (करीब 1 मिलियन पाउंड) और खर्च करने होंगे। यानी कम कीमत की इस नीलामी के पीछे एक बड़ा आर्थिक बोझ छिपा है।
दिलचस्प लेकिन जोखिम भरा सौदा
यदि कोई खरीदार इस ऐतिहासिक इमारत को फिर से उसकी खोई हुई गरिमा दिलाने का सपना देख रहा है, तो यह एक शानदार अवसर हो सकता है—बशर्ते उसके पास आवश्यक फंडिंग और विज़न हो। वरना ₹117 की यह डील करोड़ों में बदलते देर नहीं लगेगी।