जयपुर | शास्त्री नगर इलाके का एक परिवार इन दिनों असहनीय दुख से गुजर रहा है। पहले उत्तराखंड के केदारनाथ में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में पायलट राजवीर सिंह चौहान की मौत ने परिवार को तोड़ कर रख दिया, और अब बेटे की तेरहवीं के दिन मां विजय लक्ष्मी चौहान का भी निधन हो गया। यह हृदयविदारक घटना पूरे जयपुर में शोक की लहर दौड़ा गई है।
राजवीर सिंह चौहान 15 जून को गौरीकुंड के पास हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में शहीद हो गए थे। उस हादसे में सात लोगों की जान गई थी। राजवीर पूर्व में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल रह चुके थे और रिटायरमेंट के बाद पायलट के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके पास 2000 घंटे से अधिक उड़ान अनुभव था।
बेटे की मौत से टूट चुकीं विजय लक्ष्मी तेरहवीं की रस्मों के दौरान अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचाई गईं, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि वे बेटे की मौत के सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पा रही थीं।
राजवीर की पत्नी दीपिका खुद भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं। कुछ महीने पहले ही दोनों के घर जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ था। इस दोहरे दुख ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।