गाजा | इजरायल द्वारा गाजा पट्टी में किए गए ताजा हवाई हमलों में कम से कम 72 लोगों की जान चली गई है। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि मारे गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। दक्षिणी गाजा के खान यूनिस के पास मुवासी क्षेत्र में बनाए गए तंबुओं के कैंप पर हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन छोटे बच्चे और उनके माता-पिता शामिल हैं।
“बच्चों का क्या कसूर था?” – दादी का सवाल
परिवार की एक बुजुर्ग सदस्य सुआद अबू तेइमा ने बताया कि यह हमला रात को सोते समय हुआ। उन्होंने गुस्से और ग़म के बीच सवाल उठाया, “इन मासूम बच्चों ने क्या गलत किया था?”
फलस्तीन स्टेडियम के पास विस्थापितों पर हमला
गाजा सिटी में फलस्तीन स्टेडियम के पास एक हमले में 12 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक यह स्टेडियम विस्थापित नागरिकों को अस्थायी आश्रय देने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। सभी शवों को शिफा अस्पताल लाया गया है।
पूर्वी गाजा में सड़क पर हमला, 11 की मौत
शनिवार दोपहर पूर्वी गाजा में एक सड़क पर हुए हमले में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। इन शवों को अल-अहली अस्पताल में पहुंचाया गया। वहीं, नासिर अस्पताल में भी 20 से ज्यादा शवों को लाया गया है।
ट्रंप बोले – जल्द हो सकता है युद्धविराम
इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि इजरायल और हमास के बीच अगले सप्ताह तक संघर्ष विराम समझौता हो सकता है। शुक्रवार को ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा, “हम गाजा की स्थिति को लेकर गंभीर हैं और इस पर काम कर रहे हैं।”
सूत्रों के अनुसार, इजराइल के सामरिक मामलों के मंत्री रॉन डेरमर अगले हफ्ते वाशिंगटन यात्रा पर जाएंगे। वह गाजा संघर्ष, ईरान और अन्य रणनीतिक मुद्दों पर अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत करेंगे।