बिहार | बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह लूटपाट की बड़ी वारदात सामने आई। बैंक ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) संचालक से पांच लाख रुपये लूट लिए गए और विरोध करने पर उन्हें गोली मार दी गई।
पुलिस के अनुसार, पिपराकोठी निवासी अनिरुद्ध कुमार, जो जमुनिया गांव में सीएसपी संचालित करते हैं, मंगलवार को अपने घर से कार में कार्यालय के लिए निकले थे। रास्ते में जमुनिया गांव के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोका।
हमलावरों ने कार का शीशा तोड़ा और थैले में रखे पांच लाख रुपये, साइन किया हुआ चेक, लैपटॉप और अन्य सामान लूट लिया। जब संचालक ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए।
घायल अवस्था में अनिरुद्ध कुमार को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में छानबीन जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है।