Shimla, 3 July-हिमाचल प्रदेश में मानसून ने तबाही मचा दी है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा से सबसे अधिक प्रभावित मंडी, कुल्लू और धर्मपुर क्षेत्रों का दौरा किया और राहत कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने जानकारी दी कि अब तक 26 लोगों की जान जा चुकी है और 50 से ज्यादा लोग लापता हैं। कई घर और सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची हैं और लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं।सरकार ने स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे बारिश के दौरान नदियों और जोखिम भरे इलाकों से दूर रहें।