महोबा (उत्तर प्रदेश) | जिले के अजनर थाना क्षेत्र स्थित बिजोरी गांव में शनिवार रात कुएं पूजन समारोह के दौरान जश्न की फिजा अचानक दहशत में बदल गई, जब एक युवक ने फिल्मी गाने पर डांस के दौरान फायरिंग कर दी। इस हादसे में दो महिलाएं गोली लगने से घायल हो गईं। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई।
कुएं पूजन के दौरान हर्ष फायरिंग में महिलाएं बनीं शिकार
जानकारी के मुताबिक, कल्लू अहिरवार के घर आयोजित पूजन कार्यक्रम में रात करीब 12 बजे डांसर फिल्मी गीतों पर प्रस्तुति दे रहे थे। उसी दौरान भीड़ में मौजूद अमित अहिरवार नामक युवक ने अवैध तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। गोली जाकर 21 वर्षीय राधा और कल्लू की पत्नी रामा को पैर में लगी।
वीडियो वायरल, पुलिस अलर्ट पर
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसमें आरोपी को तमंचा लहराते हुए फायरिंग करते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है और त्वरित कार्रवाई शुरू की है।
घायलों की हालत गंभीर, जिला अस्पताल में भर्ती
घटना के तुरंत बाद परिजनों ने दोनों घायल महिलाओं को नौगांव अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें छतरपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है।
आरोपी के खिलाफ एफआईआर, तलाश जारी
घायल युवती राधा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अमित अहिरवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी फरार है, लेकिन पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।