18 July, 2025
प्रसिद्ध बिजली महादेव मंदिर में इस वर्ष श्रद्धालुओं को कुछ सख्त नियमों का पालन करना होगा। देव आदेश के अनुसार मंदिर परिसर में इस बार न तो भंडारे का आयोजन किया जाएगा और न ही किसी श्रद्धालु को मंदिर में रुकने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही महादेव के दर्शन केवल मंदिर के बाहर से ही किए जा सकेंगे।
मंदिर कमेटी के कारदार विनेन्द्र जंबाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भगवान बिजली महादेव की आज्ञा अनुसार, अगले छह महीनों तक किसी भी प्रकार के धार्मिक आयोजन, ठहराव या भंडारे की अनुमति नहीं होगी। सावन के विशेष अवसर पर हर साल यहाँ हज़ारों श्रद्धालु पहुंचते हैं, लेकिन इस बार भक्तों को देवता के आदेश का पालन करते हुए बाहर से ही दर्शन करने होंगे।मंदिर कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे देव परंपराओं और निर्देशों का सम्मान करें और मंदिर परिसर में अनावश्यक भीड़ इकट्ठा न करें।