Zirakpur, 20 July
डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एन.के. शर्मा ने जीरकपुर नगर परिषद प्रशासन पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि शहरवासी आज अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नगर पार्षदों और अधिकारियों को ढूंढ रहे हैं, लेकिन उनकी कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही।
एन.के. शर्मा शिवालिक विहार में स्थानीय निवासियों के बुलावे पर पहुंचे, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनी। लोगों ने बताया कि इलाके में जगह-जगह टूटी सड़कें, ओवरफ्लो होते सीवरेज, खुले मेनहोल, महीनों से लापता सफाई सेवाएं और बिजली की नंगी तारें आम हो चुकी हैं। इसके साथ ही पीने के पानी की आपूर्ति भी बुरी तरह प्रभावित है।स्थानीय लोगों ने यह भी शिकायत की कि बार-बार अपील करने के बावजूद न तो कोई पार्षद आता है, और न ही नगर परिषद के अधिकारी संज्ञान लेते हैं।
पूर्व विधायक शर्मा ने कहा कि मौजूदा विधायक को नगर परिषद की बैठकों के लिए समय नहीं है। पिछले 11 महीनों से परिषद की कोई बैठक नहीं हुई है, जिससे शहर के विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जीरकपुर को नगर निगम बनाने के दावे तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।उन्होंने सरकार पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक परिषद में अकाली दल की भागीदारी थी, तब तक निरंतर विकास कार्य होते रहे। अब जनता को अपने अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।इस अवसर पर एच.एस. गोरिया, अमरजीत सिंह, धीरेंद्र पांडेय, जितेंद्र मेहरा समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।