बरनाला | बरनाला-लुधियाना मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महल कलां और सहजड़ा गांव के बीच ड्रेन के पास बाइक सवार दो युवक सड़क किनारे खड़े ट्राले से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मारे गए युवक की पहचान गांव सहौर निवासी दविंदर सिंह कालू (28) के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक अमृतपाल सिंह (30) उसी गांव का रहने वाला है। दोनों युवक रायकोट की एक फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों और 112 टीम ने घायल को सिविल अस्पताल बरनाला पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने ट्राला जब्त कर लिया है, जबकि ड्राइवर फरार बताया जा रहा है। महल कलां थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और परिवार के बयान के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्ती की मांग की है, जिससे इस तरह के हादसों को रोका जा सके। गांव सहौर में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।