थाईलैंड | थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक टकराव में बदल गया है। बृहस्पतिवार को दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई गोलीबारी में कम से कम 14 लोगों की जान चली गई, जिनमें ज्यादातर नागरिक हैं। थाईलैंड के सी सा केत प्रांत में एक पेट्रोल पंप पर गोलियां चलने से छह लोगों की मौत हो गई।
झड़प उस संवेदनशील क्षेत्र में हुई, जहां थाईलैंड के सुरिन और कंबोडिया के ओद्दार मींचे प्रांत की सीमा पर प्राचीन ‘प्रसात ता मुएन थॉम’ मंदिर स्थित है। दोनों देशों ने एक-दूसरे पर पहले गोली चलाने का आरोप लगाया है।
तनाव इस कदर बढ़ गया है कि दोनों देशों ने अपने राजनयिकों को वापस बुला लिया है। थाईलैंड में हुए एक बारूदी सुरंग विस्फोट में उसके पांच सैनिक घायल हुए थे, जिसके बाद थाईलैंड ने अपनी सीमाएं सील कर दीं और कंबोडियाई राजदूत को निष्कासित कर दिया। इसके जवाब में कंबोडिया ने भी बैंकॉक स्थित अपने दूतावास से स्टाफ हटा लिया और राजनयिक रिश्तों को न्यूनतम स्तर पर ले आया।
मई में शुरू हुए सीमा विवाद के बाद से यह अब तक की सबसे घातक झड़प मानी जा रही है, जिसमें दोनों देशों के रिश्तों में नई दरार पैदा हो गई है।
सरहद के पास रहने वाले लोग दहशत में हैं और कई इलाकों में बंकरों में छिपने की तस्वीरें सामने आई हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।