Mandi, Dharamveer
मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में वीरवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसा पेश आया। सरकाघाट से जमनी दुर्गापुर जा रही एचआरटीसी की बस तरांगला के पास मसेरन क्षेत्र में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में जा गिरी। इस भीषण हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 2 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए सरकाघाट अस्पताल पहुंचाया गया है।
HRTC बस खेतों में जा गिरी, कई सवारियों को आई गंभीर चोटें
मिली जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ जब बस सड़क किनारे बनी ढांक से फिसलकर कई पलटी खाकर खेतों में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस की छत तक टूट गई। हादसे की खबर मिलते ही 108 एंबुलेंस सेवाएं और डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।