सिवनी | राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर सिवनी जिले के बंडोल थाना अंतर्गत चोरगरठिया गांव में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र के अकोला जिले के करीब 30-35 कांवड़िये बनारस से जल लेकर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार डंपर ने उनके पीछे चल रहे ट्रैक्टर को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रैक्टर कांवड़ियों के ऊपर पलट गया, जिससे मौके पर ही दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए।
हादसा रात करीब 11 बजे सेंटर प्वाइंट होटल के सामने हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक, कांवड़िये रात का खाना खाकर महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आए डंपर ने तेज रफ्तार में ट्रैक्टर को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर के पलटने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही एएसपी दीपक मिश्रा, एसडीओपी पूजा पांडे, सोनी एसडीएम मेघा शर्मा सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की कमी के कारण शुरुआती इलाज में थोड़ी देरी हुई, लेकिन प्रशासन की सक्रियता से तुरंत अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ जुटा लिया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों में तीन की हालत बेहद गंभीर है। मृतक और घायल सभी महाराष्ट्र के अकोला जिले के निवासी हैं और काशी से जल लेकर लौट रहे थे।
घटना के बाद से डंपर चालक फरार है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।