तपा मंडी | बठिंडा-बरनाला हाईवे पर घुड़ैली ओवरब्रिज पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। सब्जियों से भरे तेज़ रफ्तार पिकअप ट्रक ने सड़क किनारे टायर बदल रहे एक अन्य पिकअप चालक को रौंद दिया। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाला ड्राइवर गाड़ी पलटने के बाद फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान ऐलनाबाद (हरियाणा) निवासी कश्मीर सिंह पुत्र सतनाम सिंह के रूप में हुई है। वह सब्जियों से भरी पिकअप लेकर तलवंडी से मोगा जा रहा था। रास्ते में गाड़ी का टायर पंक्चर होने पर वह हाईवे पर स्टेफनी जैक लगाकर टायर बदल रहा था। तभी पीछे से आ रहे एक अन्य पिकअप ने उसे टक्कर मार दी।
हादसे में पिकअप पलट गई और सब्जियां हाईवे पर बिखर गईं। मृतक का भाई, जो दूसरी गाड़ी में पीछे से आ रहा था, मौके पर पहुंचा, लेकिन कश्मीर सिंह को बचाया नहीं जा सका। पुलिस जांच में सामने आया कि हादसे वाली पिकअप विक्रम मीणा पुत्र रामकरण मीणा (राजस्थान) चला रहा था। वह टक्कर मारने के बाद घटनास्थल से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रमुख शरीफ खान, चौकी इंचार्ज बलजीत सिंह ढिल्लों और थानेदार सतगुर सिंह पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बरनाला मोर्चरी भेजा गया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।