पटियाला | जिले के इंद्रपुरा गांव में कल शाम दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई, जिसमें दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गोलियां चला दीं। गोलीबारी में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसे तुरंत इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल की पहचान गुरभेज सिंह के रूप में हुई है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हथियारों से लैस दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि झड़प की शुरुआत गुरभेज के एक रिश्तेदार से जुड़े विवाद के चलते हुई थी। घायल के बयान पर पुलिस ने चार ज्ञात और पांच से छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इलाके में सघन निगरानी बढ़ा दी है और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।