Summer express,अंकुर कपूर, अंबाला। त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अंबाला मंडल से गुजरने वाली 18 विशेष ट्रेनें चलाई हैं। इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए छह से अधिक अतिरिक्त विशेष ट्रेनों की व्यवस्था भी की गई है। इन ट्रेनों का संचालन चंडीगढ़, बठिंडा, अंबाला और सरहिंद सहित विभिन्न स्टेशनों से किया जा रहा है। इनमें से अधिकतर ट्रेनें पूर्वी राज्यों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर चलाई गई हैं।
अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने बुधवार को अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंबाला एक महत्वपूर्ण पारगमन मंडल है, जहां जम्मू और फिरोजपुर मंडलों की ओर से आने वाली कई ट्रेनें गुजरती हैं। त्योहारों के दौरान यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए रेलवे की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं।
रेलवे ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों की सहायता के लिए पूछताछ, टिकट संबंधी जानकारी, साफ-सफाई, पेयजल और खानपान की सुविधाओं पर ध्यान दिया है। टिकट जांच कर्मचारियों को भी यात्रियों के साथ सहयोगपूर्ण व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्टेशनों पर अधिकारियों और पर्यवेक्षकों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा सके। वाणिज्यिक विभाग, इंजीनियरिंग विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।
सर्दियों में कोहरे के कारण रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए भी तैयारियां की जा रही हैं। रेलवे कर्मचारियों को नई तकनीक के इस्तेमाल का प्रशिक्षण दिया गया है। सिग्नल की दृश्यता की जांच के लिए विशेष समितियां गठित की गई हैं। इसके अलावा लोको और क्रू निरीक्षक ट्रेन चालकों को सुरक्षित परिचालन के संबंध में जागरूक कर रहे हैं। चालकों को ब्रेक और इंजन नियंत्रण से जुड़ी सावधानियों का पालन करने तथा सुरक्षा नियमों के अनुसार ट्रेन चलाने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों पर नियमित घोषणाएं भी की जा रही हैं।
वहीं, कालका-शिमला रेल सेक्शन को दोबारा पूरी तरह खोलने के लिए निर्माण कार्य जारी है। फिलहाल धर्मपुर और शिमला के बीच एक ट्रेन का संचालन हो रहा है, जबकि आने वाले दिनों में दूसरी ट्रेन शुरू करने की योजना है। रेलवे का लक्ष्य है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जनवरी तक पूरे कालका-शिमला रेल सेक्शन पर ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी जाएं। इससे यात्रियों और पर्यटकों को इस लोकप्रिय पहाड़ी रेल मार्ग पर यात्रा करने में सुविधा मिलेगी।