Summer express, अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा के अंबाला में 1857 की क्रांति पर आधारित शहीदी स्मारक के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 5 नवंबर को अंबाला पहुंचकर इस स्मारक का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर भाजपा नेताओं की अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व मंत्री असीम गोयल सहित पार्टी के कई नेता शामिल हुए।
अंबाला पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता का स्वागत किया गया। इस दौरान आयोजित बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री के प्रस्तावित दौरे और शहीदी स्मारक के उद्घाटन कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। नेताओं ने आयोजन को लेकर तैयारियों की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने बताया कि 5 नवंबर को अमित शाह मां अंबा की धरती अंबाला पहुंचेंगे। यहां 1857 की क्रांति पर आधारित शहीदी स्मारक का उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
शहीदी स्मारक को 1857 की क्रांति और स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले वीरों की स्मृति से जोड़कर देखा जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर भाजपा संगठन तैयारियों में जुटा है।