21 August, 2025
हॉकी इंडिया ने चीन के हांग्जो में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले महिला एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के लिए भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान युवा मिडफील्डर सलीमा टेटे को सौंपी गई है। इस 20 सदस्यीय टीम में अनुभव और युवा जोश का संतुलन देखने को मिलता है।
गोलकीपर के तौर पर बंसरी सोलंकी और बिचु देवी खारीबाम को चुना गया है। डिफेंस लाइन की जिम्मेदारी निक्की प्रधान और उदिता जैसी अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ मनीषा चौहान, ज्योति, सुमन देवी थौदम और इशिका चौधरी पर होगी।मिडफील्ड में कप्तान सलीमा टेटे के साथ नेहा, लालरेम सियामी, शर्मिला देवी, सुनीता टोप्पो और वैष्णवी विट्ठल फाल्के को मौका दिया गया है। वहीं आक्रमण पंक्ति में नवनीत कौर, संगीता कुमारी, मुमताज खान, दीपिका, ब्यूटी डुंगडुंग और रुतजा दादासो पिसल शामिल की गई हैं।मुख्य कोच हरेंद्र सिंह ने कहा कि टीम पूरी तरह से तैयार है और खिलाड़ियों में उत्साह है। उन्होंने कहा, “एशिया कप हमारे लिए बेहद अहम है क्योंकि यह न केवल एक प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है बल्कि 2026 एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप का सीधा क्वालीफाइंग इवेंट भी है।”भारत को पूल-बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला थाईलैंड, जापान और सिंगापुर से होगा। भारत का पहला मैच 5 सितंबर को थाईलैंड से, दूसरा 6 सितंबर को जापान से और तीसरा मुकाबला 8 सितंबर को सिंगापुर से खेला जाएगा.