चंडीगढ़ | आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर मंगलवार सुबह ईडी की छापेमारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
मुख्यमंत्री मान ने आरोप लगाया कि ईडी की यह कार्रवाई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कथित फर्जी डिग्री मामले से जनता का ध्यान भटकाने के लिए कराई गई है। उन्होंने कहा, “आज सौरभ भारद्वाज के घर छापेमारी इसलिए की गई है क्योंकि देशभर में मोदी जी की डिग्री पर सवाल उठ रहे हैं। यह सिर्फ मुद्दे से ध्यान हटाने की कोशिश है।”
भगवंत मान ने सत्तारूढ़ भाजपा पर एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को झूठे मामलों में फंसाया गया है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्व मंत्री सतेंद्र जैन को तीन साल तक जेल में रखा गया और आखिरकार सीबीआई व ईडी को अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी।
सीएम मान ने दावा किया कि इन घटनाओं से साफ है कि आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ दर्ज अधिकांश मामले राजनीतिक प्रतिशोध की उपज हैं और इनमें कोई तथ्य नहीं है।