बराड़ा। लगातार हो रही बारिश और लापरवाह व्यवस्था ने बराड़ा के लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि अब नगर पालिका कार्यालय का परिसर तक पानी में डूब चुका है। शहर के मुख्य मार्गों से लेकर कॉलोनियों तक पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी अस्त-व्यस्त हो गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोसड़का रोड से बंसल पैलेस के पास से पानी बराड़ा शहर में घुस रहा है। इसका असर यह है कि बंसल पैलेस से महाराणा प्रताप चौक तक सड़क के दोनों ओर पानी जमा हो गया है। वहीं मॉर्डन कॉम्पलेक्स क्षेत्र में करीब डेढ़ फुट तक पानी कई दिनों से रुका हुआ है।
स्थिति यह है कि महाराणा प्रताप चौक से आगे मुख्य बाजार की ओर तेज बहाव के साथ पानी जा रहा है, जिससे बाजार और आसपास के क्षेत्र भी जलमग्न हो गए हैं।
नगर पालिका सचिव राजेश कुमार ने बताया कि पानी निकासी के लिए टीम लगातार काम कर रही है और जल्द स्थिति को काबू करने का प्रयास किया जा रहा है।