पंजाब | राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई गांवों को बाढ़ की चपेट में ला दिया है। जनता को राहत देने और प्रशासनिक मदद सीधे पहुँचाने के लिए पंजाब सरकार ने अब एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ऐलान किया कि बाढ़ प्रभावित हर गांव में एक गजटेड अफसर तैनात किया जाएगा।
मुख्यमंत्री मान ने ट्वीट कर बताया, “राज्य के बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों का प्रशासन से सीधा संपर्क हो सके, इसके लिए हम हर गांव में एक-एक गजटेड अफसर नियुक्त कर रहे हैं। इससे लोग अपनी हर समस्या सीधे अधिकारी तक पहुँचा सकेंगे और उनका जल्द और सही समाधान हो सकेगा।”
इस फैसले का उद्देश्य बाढ़ या किसी अन्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को प्रशासन की मदद तेजी से और प्रभावी रूप से पहुँचाना है। अधिकारी हर गांव में मौजूद रहेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।