खनौरी | घग्गर नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और शुक्रवार सुबह यह खतरे के निशान से लगभग दो फीट ऊपर दर्ज किया गया। जानकारी के अनुसार, सुबह 10 बजे खनौरी सैफन पर जलस्तर 749.8 फीट और पानी का बहाव 13,750 क्यूसेक तक पहुंच गया।
तेजी से बढ़ते जलस्तर ने क्षेत्र के गांवों में चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन ने आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी करते हुए लोगों को नदी किनारे जाने से परहेज करने की सलाह दी है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा। ग्रामीणों को भी एहतियात बरतने और किसी भी स्थिति में सतर्क रहने को कहा गया है।