पलवल। हरियाणा सरकार में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान तथा आयुष मंत्री आरती सिंह राव ने गुरुवार को जिला लोक संपर्क एवं परिवाद समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। बैठक पलवल जिला सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित की गई, जिसमें 14 शिकायतों की सुनवाई हुई। मंत्री राव ने बताया कि इनमें से 10 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि 4 मामलों पर अगली कार्रवाई के लिए निर्देश जारी किए गए हैं। बैठक में जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कांग्रेस के ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ प्रदर्शन पर करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जितना चाहे शोर मचा ले, सच्चाई नहीं बदली जा सकती। राव ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि “चिल्लाने से कुछ नहीं होगा, पहले अपने घर की सफाई करें। जब तक संगठन के भीतर की अव्यवस्थाएं नहीं सुधरेंगी, तब तक विपक्ष कहीं नहीं पहुंच पाएगा।”
वोट चोरी के आरोपों पर जवाब देते हुए आरती राव ने कहा कि हरियाणा में सरकार बने एक वर्ष हो चुका है और भाजपा गठबंधन लगातार मजबूत होकर काम कर रहा है। “हम पहले से कह रहे थे कि प्रदेश में तीसरी बार हमारी सरकार बनेगी, और जनता ने हमें अपना समर्थन दिया। बिहार चुनाव के नतीजों ने भी विपक्ष को सीधा संदेश दे दिया है,” उन्होंने कहा।
फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े टेरर लिंक मामले पर स्वास्थ्य मंत्री ने कड़ा रुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद है कि शिक्षा व चिकित्सा संस्थान ऐसी गतिविधियों में शामिल पाए जा रहे हैं। राव ने बताया कि यूनिवर्सिटी को 2014 से पहले मान्यता मिली थी और मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए इन्हें कोर्ट की स्वीकृति लेनी पड़ी थी। “ऐसे संस्थान जड़ से चिन्हित किए जाएंगे और भविष्य में इनका पूरी तरह सफाया होगा,” उन्होंने स्पष्ट कहा।