चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जल आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार अब 33 गांवों में लगातार स्वच्छ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही अमृत 2.0 योजना के तहत 12 नए गांवों में आधुनिक सीवर सिस्टम लगाया जाएगा।
बैठक में तय हुआ कि हर चुने हुए गांव में सीवर नेटवर्क और जरूरी ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जल आपूर्ति एवं सीवर बोर्ड की 58वीं बैठक में ये निर्णय लिए गए। बैठक में लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, अरुण कुमार गुप्ता और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और ग्रामीणों की किसी भी शिकायत का तुरंत समाधान किया जाए। साथ ही, शहरी क्षेत्रों में भी सीवर नेटवर्क को अपग्रेड करने और नए सीवेज ट्रीटमेंट प्रोजेक्ट शुरू करने की योजना बनाई गई है।