Chintpurni, Vikas Sharma-:उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में वर्ष के अंतिम महीने के अंतिम रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें मंदिर परिसर के बाहर देखने को मिलीं। मां के दर्शनों के लिए दूर-दराज से आए भक्त “जय मां चिंतपूर्णी” के जयकारों के साथ कतारों में खड़े नजर आए।
रविवार को श्रद्धालुओं की डबल लाइन दोपहर करीब 1 बजे तक पुराने बस स्टैंड को पार कर गई, जिससे मंदिर क्षेत्र में भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस दिन 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां की पावन पिंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और हिमाचल के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे।पंजाब के लुधियाना से आए श्रद्धालु गगनप्रीत ने बताया कि मां की कृपा से उनकी मनोकामना पूर्ण हुई है। इस खुशी में उन्होंने दंडवत होकर मां के चरणों में शीश नवाया और माता रानी का आभार जताया। ऐसे कई श्रद्धालु देखने को मिले, जो मन्नत पूरी होने पर मां को धन्यवाद देने पहुंचे।
वहीं, भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। गेट नंबर 1 और 2 पर होमगार्ड के जवान तैनात रहे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुगम दर्शन व्यवस्था के तहत कई भक्तों ने लिफ्ट मार्ग का भी उपयोग किया, जिससे बुजुर्गों और महिलाओं को राहत मिली।मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने और व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। कुल मिलाकर, वर्ष के अंतिम रविवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में भक्ति, श्रद्धा और विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला।