Summer Express, गुरुग्राम। सेक्टर-9 थाना क्षेत्र के बसई गांव में स्थित एक फिनाइल की दुकान में आग लगने से एक कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। युवक दुकान के अंदर सो रहा था और आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। शुक्रवार सुबह दुकान की सफाई के दौरान उसका जला हुआ शव बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गली नंबर-8 में स्थित फिनाइल की दुकान में गुरुवार रात अचानक आग लग गई थी। आसपास के लोगों और दुकान मालिक ने मिलकर आग पर काबू पा लिया, लेकिन उस समय अंदर किसी के होने की जानकारी नहीं मिल सकी और न ही कोई चीख-पुकार सुनाई दी।
शुक्रवार सुबह जब दुकान मालिक सफाई के लिए पहुंचे तो अंदर एक युवक का जला हुआ शव मिला। सूचना मिलने पर सेक्टर-9 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी 35 वर्षीय हेतराम के रूप में हुई है, जो दुकान में सफाई का काम करता था।
दुकान मालिक के अनुसार हेतराम को शराब पीने की आदत थी। आशंका है कि गुरुवार रात वह शराब पीकर दुकान के अंदर ही सो गया और उसी दौरान आग लगने से वह बाहर नहीं निकल सका।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के आने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आग लगने के कारणों की भी जांच की जा रही है।