फतेहाबाद में कैंटर चालक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला आरोपी

Karuna
2 Min Read
Summer Express - फतेहाबाद में कैंटर चालक की हत्या का खुलासा, दोस्त ही निकला आरोपी

Summer Express, फतेहाबाद। सेक्टर-11 स्थित निर्माणाधीन अस्पताल के पास कैंटर चालक की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि मृतक के दोस्त ने ही सिर पर वार कर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार उर्फ वकील निवासी गांव मानावाली को हिरासत में लिया है।

थाना शहर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-11 में निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान भोडिया खेड़ा निवासी जयवीर पुत्र खेताराम के रूप में की।

मृतक के मामा श्रवण ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जयवीर अपना टाटा कैंटर खुद चलाता था और यूपी से सामान लेकर बीकानेर (राजस्थान) जा रहा था। उसने फोन कर फतेहाबाद पहुंचने की जानकारी दी थी, लेकिन अगले दिन उसका शव कैंटर के पास संदिग्ध हालत में मिला।

पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए और मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने मनोज कुमार उर्फ वकील को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उसने ही सिर पर चोट मारकर जयवीर की हत्या की थी।

फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि हत्या के कारणों और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की जा सके।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *