सोनीपत | सोनीपत जिले के गोहाना से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को यूट्यूब चैनल “K-9” का संपादक बताने वाले अरुण को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह हरियाणा सरकार, एक कैबिनेट मंत्री और गोहाना से भाजपा विधायक डॉ. अरविंद शर्मा की छवि खराब करने की धमकी देकर उनके निजी सहायक से एक लाख रुपये की मांग कर रहा था।
साइबर क्राइम की पंचकूला टीम ने उसे रंगे हाथों रुपये लेते हुए गोहाना के आदर्श नगर से दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अरुण सोशल मीडिया का गलत इस्तेमाल कर नेताओं को बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग में लगा था।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि क्या वह अकेले यह काम कर रहा था या उसके पीछे कोई गिरोह भी सक्रिय है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अरुण यूट्यूब पर वीडियो डालकर कथित रूप से नेताओं को निशाना बना रहा था और पैसे की मांग कर रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, साइबर थाना पुलिस के पास ऐसे कई यूट्यूबरों की शिकायतें आई हैं, जो खबरें दबाने या झूठी खबरें चलाने के नाम पर वसूली करते हैं। चार अन्य यूट्यूब चैनलों पर भी नजर रखी जा रही है और जल्द ही उन पर भी कार्रवाई की जा सकती है।
यह मामला दिखाता है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर तेजी से फैल रहे फर्जीवाड़े को लेकर सतर्कता और सख्ती की जरूरत है।