Summer Express,हिसार। हिसार-हांसी बाईपास पर तेज रफ्तार टाटा सियरा कार का ट्रैक्टर-ट्रॉले से भयंकर टकराव हुआ। इस हादसे में फतेहाबाद जिले के मोची चौबारा गांव के दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान महावीर (42) और मनोज (38) के रूप में हुई है। दोनों दोस्त भिवानी जिले के बड़सी गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार यह हादसा रात करीब 2:30 बजे सैनीपुरा फ्लाईओवर के पास हुआ। हिसार की ओर जा रही कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉले को पीछे से टक्कर मार दी। इस जोरदार टक्कर से कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हिसार मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को नागरिक अस्पताल हांसी में रखवाया गया है। पुलिस अब हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार सभी लोग विवाह समारोह में शामिल होकर रात में लौट रहे थे। हादसे के वक्त सड़क पर तेज रफ्तार और ट्रैक्टर-ट्रॉले की धीमी गति के कारण यह टकराव हुआ। पुलिस ने क्षेत्र में ड्राइविंग सुरक्षा और वाहन गति नियंत्रण के लिए विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है।