बिलासपुर, सुभाष -हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नगर निकाय चुनावों को लेकर हलचल तेज हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने स्थानीय निकाय चुनाव 2026 के लिए प्रक्रिया शुरू करते हुए आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर दी है। इसके साथ ही नगर परिषद बिलासपुर, घुमारवीं, श्री नैना देवी जी और नगर पंचायत तलाई में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोग के निर्देशों के अनुसार चुनावी प्रक्रिया विधिवत प्रारंभ कर दी गई है। जिले के चारों नगर निकायों में कुल 34 वार्ड हैं, जहां 34 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 16,782 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदाताओं में 8,400 पुरुष, 8,381 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान 12 नए मतदाताओं को सूची में जोड़ा गया है।नगर परिषद बिलासपुर में 11 वार्डों के लिए 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 9,548 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 4,705 पुरुष, 4,843 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल है। वहीं, नगर परिषद घुमारवीं के 9 वार्डों में 4,793 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 2,443 पुरुष और 2,350 महिलाएं शामिल हैं।नगर परिषद श्री नैना देवी जी के 7 वार्डों में कुल 689 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 368 पुरुष और 321 महिलाएं हैं। इसके अलावा, नगर पंचायत तलाई के 7 वार्डों में 1,752 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 884 पुरुष और 867 महिलाएं शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। आचार संहिता लागू होने के बाद नई विकास योजनाओं की घोषणा, शिलान्यास, लोकार्पण और सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। सभी विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।