राष्ट्रीय मुद्दों पर अनिल विज का हमला, अदालत से लेकर पेट्रोल-डीजल कीमतों तक रखी राय

Chandrika
3 Min Read
Summer Express - गुरप्रीत हत्याकांड पर सख्त हुए मंत्री अनिल विज, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के दिए निर्देश

Summer express/अंबाला: हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर कई अहम राष्ट्रीय और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान विज ने दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा आम आदमी पार्टी के नेताओं के खिलाफ शुरू की गई आपराधिक अवमानना की कार्यवाही, पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर लगाए गए आरोप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे और देश में बढ़े पेट्रोल-डीजल के दामों पर अपनी बात रखी।

दिल्ली हाईकोर्ट में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की प्रक्रिया शुरू होने के मामले पर अनिल विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी लगातार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती रही है। विज ने कहा कि यह पार्टी न जांच एजेंसियों का सम्मान करती है, न पुलिस का और न ही अदालतों का। उनके मुताबिक अब अदालत इस मामले में उचित कदम उठाकर उन्हें जवाब देगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी संस्थाओं का सम्मान करना जरूरी होता है और कानून से ऊपर कोई नहीं है।वहीं तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी द्वारा पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों में गड़बड़ी के लगाए गए आरोपों पर भी विज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और चुनाव परिणामों को स्वीकार करना ही सही परंपरा है। विज ने कहा कि जब पूरा देश चुनाव आयोग और नतीजों को स्वीकार कर चुका है, तब किसी एक दल या नेता को लगातार सवाल खड़े करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि हार और जीत लोकतंत्र का हिस्सा हैं और सभी दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पांच देशों के दौरे को लेकर भी अनिल विज ने प्रधानमंत्री की कूटनीतिक शैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया के देशों के साथ भारत के रिश्तों को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। विज के अनुसार मोदी लगातार विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात कर वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करते हैं और भारत के हितों को मजबूती से दुनिया के सामने रखते हैं।

इसके अलावा देश में पेट्रोल और डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर भी विज ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर भारत पर भी पड़ता है। विज ने बताया कि भारत में आने वाला लगभग 25 प्रतिशत तेल और गैस होर्मुज क्षेत्र से होकर आता है और वहां की स्थिति प्रभावित होने के कारण ईंधन की कीमतों पर असर देखने को मिल रहा है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *