Summer express, अंबाला (अंकुर कपूर) | दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने वाली कांग्रेस की महारैली को सफल बनाने के लिए पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में अंबाला के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस नेता अशोक मेहता की अध्यक्षता में कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दिल्ली में होने वाली रैली की तैयारियों और अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के बाद कांग्रेस नेता अशोक मेहता ने कहा कि नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचकर रैली में हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य लोग भी शामिल हुए, जो पार्टी के प्रति बढ़ते समर्थन को दर्शाता है।
इस दौरान अशोक मेहता ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने गन्ने के समर्थन मूल्य में 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी को किसानों के साथ मजाक करार दिया। उनका कहना था कि महंगाई और खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए किसानों को गन्ने के उचित दाम मिलने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की अनदेखी कर रही है।
अशोक मेहता ने अन्य राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।