Summer express, गुरुग्राम (अनुज पांचाल)। भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुग्राम में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री कैप्टन अभिमन्यु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखे राजनीतिक हमले किए। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में उथल-पुथल का माहौल है, लेकिन भारत मजबूती के साथ आगे बढ़ रहा है और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश वैश्विक स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।
कैप्टन अभिमन्यु ने आरोप लगाया कि कई वैश्विक ताकतें देश की कुछ अंदरूनी विरोधी ताकतों के साथ मिलकर भारत में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने देश के नेतृत्व के खिलाफ लगातार बयानबाजी की और अपशब्दों का इस्तेमाल किया, लेकिन जनता ने उनके आरोपों को स्वीकार नहीं किया।
उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार मिल रही राजनीतिक निराशा के कारण हताश हो चुका है और अब हिंसा का सहारा लेने की कोशिश कर रहा है। कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि भारत के लोकतंत्र और उसकी व्यवस्था को चुनौती देने वाली ताकतों को देश कभी स्वीकार नहीं करेगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर का ‘वोट चोर’ अब सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है, जबकि देश की जनता ऐसे प्रयासों को पहले भी नकार चुकी है। कार्यक्रम में भाजपा के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी मौजूदगी रही।