Summer express/ऊना,राकेश-: हिमाचल प्रदेश में आयोजित जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह के दौरान भाजपा की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से शिरकत की। समारोह में पूर्व विधायक देवेंद्र भुट्टो और वीरेंद्र कंवर भी एक साथ मंच पर नजर आए, जिसने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को तेज कर दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दोनों नेताओं के एक मंच पर आने को पार्टी के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए सभी नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर काम करना चाहिए। पार्टी का लक्ष्य मजबूत संगठन तैयार करना और जनता के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करना है।
वहीं, अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में एक तारीख को प्रस्तावित रैली के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए पार्टी पर निशाना साधा।समारोह में जनप्रतिनिधियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान जयराम ठाकुर ने प्रदेश में पंचायत चुनावों के मुद्दे पर कांग्रेस सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि सरकार चुनाव करवाने में देरी कर रही थी। उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव सुनिश्चित करवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची थी। कानूनी लड़ाई के बाद ही चुनाव करवाने का रास्ता साफ हुआ।जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समय पर चुनाव करवाना बेहद जरूरी है और पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की भूमिका अहम होती है।कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने एकजुटता का संदेश देते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।