Summer express, कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने लंबित मामलों और जन शिकायतों पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वर्षों से अटके भुगतान और जनहित से जुड़े मामलों का जल्द समाधान किया जाए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई तय होगी।
बैठक के दौरान गांवों में विकास कार्यों के भुगतान से जुड़ी शिकायत सामने आई। शिकायतकर्ता संतोष कुमार ने बताया कि वर्ष 2020-21 में कई गांवों में ब्लॉक और टाइलें लगाने का कार्य किया गया था, लेकिन करीब 60 लाख रुपये के भुगतान में से केवल 10 लाख रुपये ही जारी किए गए। शेष राशि के लिए पिछले पांच वर्षों से विभागों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को 15 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया कि यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो वह स्वयं मामले की समीक्षा करेंगे।
बैठक में कुल 12 शिकायतों पर सुनवाई हुई, जिनमें से छह का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया, जबकि शेष मामलों की जांच के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए।
मंत्री ने डीग-खरींडवा पैक्स में कथित अनियमित भर्ती मामले में एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। वहीं, किरमच को-ऑपरेटिव सोसायटी से जुड़े विवाद पर अगली बैठक से पहले डीआर कोर्ट का फैसला प्रस्तुत करने को कहा गया।
थानेसर निवासी सोम प्रकाश की शिकायत पर एसडीएम को आवश्यक कानूनी आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं, लाडवा के सोनू नारंग की शिकायत पर कथित रूप से गलत तरीके से संचालित डिपो मामले में पुलिस को संबंधित व्यक्तियों और विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जांच तेज करने को कहा गया।
बैठक में अंसल सुशांत सिटी के निवासियों ने मूलभूत सुविधाओं की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर मंत्री ने जांच समिति गठित करते हुए 15 दिन में रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए। तंगोर गांव की अधूरी सड़क परियोजना पर भी पीडब्ल्यूडी विभाग को जल्द निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कांग्रेस के विधायक अशोक अरोड़ा, मनदीप चट्ठा और रामकरण काला भी मौजूद रहे और उन्होंने विभिन्न जनसमस्याओं को मंत्री के समक्ष उठाया।